Climate Change,  Environment,  Hindi,  People & Communities

मिट्टी में दबी यादे 

उत्तराखंड के कुल्थम गाँव में एक रात की भारी बारिश और भूस्खलन ने धीरे‑धीरे उस जीवन को उजाड़ दिया, जहां लोग अपनी ज़मीन पर दशकों से खेती करते थे और परिवार बसाते थे। घर, खेत और रोज़मर्रा की साधारण खुशियाँ सब कुछ एक ही रात में खत्म हो गया। लोगों को अपने गाँव को छोड़कर नई जगह बसना पड़ा, लेकिन उनके दिल और यादें अब भी वहीँ पहाड़ों, टूटे खेतों और पुरानी ज़मीन पर टिके हैं। यह कहानी सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा की नहीं है, बल्कि घर से बिछड़ने, पहचान खोने, और ज़िंदगी का फिर से शुरुआत करने का दर्द भी है, एक दर्द जो मिट्टी से गहरा, और यादों से स्थायी है।

कहानीकार- ईशान्त मेहरा,
हिमल प्रकृति स्टोरीटेलर
ग्राम कुल्थम सरमोली, मुनस्यारी, जिला पिथौरागढ़
उत्तराखंड

Read this story in English

जब पहाड़ बोला

उस रात बारिश कुछ ज्यादा ही देर तक गिरती रही। धर…धर… टिन की छत पर पड़ती बूँदें आम दिनों जैसी नहीं थी, वे भारी थी और डर पैदा करने वाली थी। मैं बिस्तर में बार-बार करवट बदल रहा था। बारिश की बढ़ती आवाज के साथ मेरे अंदर की बेचैनी भी बढ़ती गयी और वापस आँख नहीं लग रही थी। मैं सीधे माँ के पास सोने के लिए चला गया। माँ ने धीमे से कहा, “डर मत…पहाड़ में मोटी बारिश ऐसी ही आवाज़ करती हैं।”

मुनस्यारी से लगभग 18 किलोमीटर दूर, समुद्र तल से 1800 मीटर की ऊँचाई पर, पंचाचुली श्रृंखला के उत्तर-पश्चिम में नागनी धुरा के पहाड़ी ढ़लान पर बसा हुआ है, मेरा गाँव कुल्थम।   

वीरान भूस्खलित गाँव कुल्थम। फोटो : शेर सिंह मेहरा

2 अगस्त 2013…..यह तारीख मुझे आज भी याद हैं। मेरे ज़ेहन में आज भी जिंदा है। इस दिन की सुबह कुल्थम में जब मेरी आँख खुली, तो हमारे मुहल्ले की आवाज़ें मेरे कमरे में आ रही थीं। माँ अपनी दगड़ियो (सहेलियों) को घास काटने जंगल जाने के लिए “धात” (किसी दूर के व्यक्ति को बुलाना) लगा रही थी, पास में बच्चों के खेल की हँसी हवा में गुंज रहीं थीं,और पशुओं को बुलाने की बुलंद “होय्ल” (पशुपालकों की पशु बुलाने की खास आवाज) हमारे घर के आंगन से होते हुए जंगल के रास्ते से, आ रही थी।

सभी आवाजें मुझे बिस्तर छोड़ने और बाहर निकलने को कह रही थी। धुए से भरे उस कमरे में दादी चुल्हे में रोटियां सेक रही थी। बारिश के कारण लकड़ियां गीली हो गयी थी तब दादी चुल्हे में फूंक मार-मार कर चुल्हा जलाए रखने की कोशिश कर रही थी। दादी ने मुझे कहा, “चलो, तुम फूंक मारो…देखते है तुम्हारी सास कितनी कर्मठ महिला है? हमारे वहां कहावत है कि जिसके फूंक मारने पर जल्दी आग जलेगी उसकी सास उतनी तेजं और कर्मठ होगी।

दादी जी चुल्हे पे रोंटियां सेकतें हुए। फोटो:ईशान्त मेहरा 

दादी और मैं बीते रात हुए बारिश की बात करने लग गये। अचानक से इन सब आवाज़ों को चीरते हुए, धम्म … धम्म …गॉव के बीच ऊपर पहाड़ी से एक आवाज़ आयी। उस समय ऐसा प्रतीत हुआ जैसे किसी प्राचीन समय में कोई विशाल ढोल पीटकर किसी बात की घोषणा कर रहा हो। हम दोनो दौड़कर बाहर आए। “ऊपर से एक विशाल पत्थर टूटकर गाँव की ओर आ रहा है!” बाहर खड़े दादा जी ने कांपती हुई आवाज़ में चिल्लाया।

बाद मे मुझे पता चला कि वह पत्थर लगभग 1500 क्विंटल (1,50,000 किलो) वजन का था। यह जानकर मैं हक्क ही रह गया।

लगभग 1500 क्विंटल (1,50,000 किलो) वज़न का पत्थर। फोटो: ईशान्त मेहरा

सभी लोग उसे और उसके कारण हो रहे नुकसान को बस तमाशे की तरह देख रहे थे। उसके सामने आने वाले सभी पेड़-पौधे उसके एक स्पर्श मात्र से टूट रहे थे। वह पत्थर गाँव के बीचों-बीच सीढ़ीदार खेतो से नीचे आने के कारण बडे समतल खेत में आकर रुक गया। किसी इंसान की जान नहीं गई, पर हमारी खेती मर गई।

लगभग 40 नाली (2 एकड़ या 3.20 बीघा) राजमा और आलू के पूरे फसल बर्बाद हो चुके थे। दादा जी खेतों की ओर देखते ही रह गए, और मैं दादा जी को। मेरे ग्यारह साल के दिमाग में तो यह केवल टूटी मिट्टी थी। तब ये दुख मेरी समझ के परे था।

दादा जी पत्थर की ओर देखकर गहरी सोच में थे। वे बोले, “ये पहाड़ आज पहली बार जरूर टूटा है, पर अंतिम नहीं … अब हर साल टूटेगा।” गांव, जन, जीवन… सब एक झटके में अस्त व्यस्त हो गया था। लोगों का काम रुक गया, गांव की इकलौती स्कूल भी बंद थी, और सभी लोग घरों से बाहर अपनी जमीन के नुकसान के सदमे को समझने की कोशिश कर रहे थे।

अगले कुछ दिनों में गांव अपनी जिंदगी में वापस लौट रहा था, और अचानक आए झटके के सदमें को आपस में संभाल रहा था, तभी कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी को उम्मीद ही नहीं थी।

जब एक रात ने सब कुछ बदल दिया

लोग खुद को समझाते रहे, “चलो, जान बची है…राजमा और आलू की फसल बर्बाद हो भी गयी तो धान और मंडुआ अभी बचे हैं।” भादो 1(भाद्रपद) का महिना था। 19 अगस्त को शाम के समय सब अपने कामों में व्यस्त थे। जैसे ही सूरज ढ़लने लगा, मौसम भी बदलने लगा और तारे आसमान में काले बादलों के पीछे छुप गए। बारिश की बूँदे अरबी के पत्तों के ऊपर ठहरे पानी से जा मिलकर एक मोती समान बूंद बनकर नीचे गिर रही थी। जैसे ही बारिश तेंज हुई, गाँव में बिजली कट गयी। धीरे-धीरे हर घर से सोलर लाइट, मोमबत्ती, और मट्टी तेल के लेंम्पो की रोशनी आने लगी।  

खाना खाने के बाद जब सब सो गये, रात और बारिश दोनो गहरी होती गयी। करीब दो बजे, जमीन हिलने लगी और जोर से कुछ गिरने और टूटने की आवाजें आने लगी। मुझे लगा, में कहीं सपना तो नहीं देख रहा। अचानक मेरे कानो में चिल्लाते हुए मां की आवाज सुनाई दी “ईजा पैंर ऐंगे च्याट ब्हैर भाजा..भाजा। ” (ओ, माँ भूस्खलन आ रहा हैं जल्दी भागों।) जैसे ही मैं उठकर बाहर भागने लगा तो मेरे अगल-बगल के घरों से भी आवाज़े आ रही थी। कोहरे और तेज़ बारिश में कुछ दिख नहीं रहा था। बस चारों ओरधात की आवाज़ें गूँज रही थी, उस समय उजाले के लिए ना टॉर्च था ना ही शॉलर लालटेन। मेरे पापा और दादा जी ने उजाले के लिए जल्दी से मशाल बनाकर जलायी।

रिंगाल मसाल। फोटो:ईशान्त मेहरा

इस मशाल की रोशनी के सहारे हम जानवरों के साथ कीचड़ और घास, वाले रास्ते से गिरते-पड़ते, बारिश में भीगते हुए, स्कूल की ओर चले गए और रात वही बितायी। वह सुरक्षित जगह थी। गांव के अन्य लोग भी अपने जानवरो के साथ वहीं आकर रुके। अगले दिन जब देखा तो 13 परिवारों में से लगभग सभी के घर मलवे में टेढ़े हो गये थे। घरों के अंदर से पानी बह रहा था, जैसे कोई रौंली घरों को चीरकर बह रही हो। रात को उजाले की कमी होने से और जान के खतरे के डर से किसी ने समान को नहीं बचाया, बस महिलाओं ने अपने जेवरों को संभाल लिया। थोड़े सोच विचार के बाद, सारे गांव वालों ने स्कूल के नीचे वाले धार में सुरक्षित जगह पर सबके लिए तिरपाल लगा दिए।

रिंगाल मशाल पकड़े हुए दादी। फोटो :ईशान्त मेहरा

गांव का पूरा हुलिया ही बदल गया था। “अब हम कहां रहेंगे? क्या करेंगे?” पास रहने वाली एक महिला ने सबके खयाल को आवाज देते हुए कहा। हम सब खेतों की ओर गए इस आस को लेकर कि क्या पता कुछ तो बचा हो। पता चला कि जहाँ पिछले साल मंडुए की ढेरों बालियाँ थीं, वहाँ अब सिर्फ़ आधी कंडी बची थी। माँ वहीं बैठ गईं। उन्होंने रोते हुए कहा—“अब क्या खाएँगे…?” कुछ समय मां वही बैठकर रोइ। फिर चुप चाप खड़ी हुई, अपनी सलवार ठीक की, और सिर हिलाया जैसे खुद को थाम रहीं हो, फिर बोली, “इस थोड़े से मडुेए को लेकर हमारे डेरे में चलते हैं।

टूटें हुए घरों के बचे अवशेष। फोटो: ईशान्त मेहरा

क्या विकास ने पहाड़ की नीव को हिला दिया

जहां एक ओर सब कुछ टुटकर खो रहा था, तो वही दुसरी ओर मेरे पापा और चाचा के अंदर कुछ उम्मीद जग रही थी, कि सिग्नल आए तो क्रिकेट का कमेंटरी सुन पाए। दोनों तिरपाल के बाहर एक छोटे से काले रेडियो को ले गए। उसके एंटीना को इधर-उधर हिला रहे थे, इस उम्मीद में की चालू हो जाए। आस पास गांव के लोग इन्तज़ार में जुड़ गए। पांचवी कोशिश के बाद सिग्नल पकड़ लिया और रेडियो से आवाज आया, “और हमारे बल्लेबाज़ अब फील्ड पे उतर गए है।” सब खुशी से चिल्लाए और रेडियो के आस पास एक घेरा बनाकर बैठ गए, मानो थोड़े ही पलो पहले की बात जैसे भूल ही गए हो। क्रिकेट का यही तो कमाल है! 

जब यह सब चल रहा था तो दादा जी नजर में ही नहीं आ रहे थे। दादी ने बताया की वह, वन पंचायत के सरपंच होने के नाते, सरकार से मदद मांगने सम्पर्क के लिए सिर्फ दो किलोमीटर दूर दूसरे गांव ढीलम गए थे। रात को खाना खाने के बाद हम सभी आग सेंकने बैठ गए। बाहर सररर्…सररर्… ठंडी हवा चल रही थी, तिरपाल में घर से अधिक ठंड महसूस हो रही थी। आग की गर्मी से उठने में बहुत आलस आ रहीं थी। इतने में दादा जी भी पहुंच गए, और वो हमारे साथ आग सेंकने लग गए। कुछ देर उनकी बाते सुनने के बाद मैंने उन से पूछा “हमारे गांव में  भूस्खलन क्यों आया हैं…?”

कुल्थम भूस्खलन क्षेत्र। फोटो : ईशान्त मेहरा

दादाजी ने बताया, “उत्तराखंड सरकार ने लगभग 1975–76 में कुल्थम गाँव के नीचे, सुरिंग घाट—जो हमारे गाँव के ढलान में स्थित है—वहाँ बहने वाली गोरी नदी (जिसका उद्गम मुख्यतः मिलम ग्लेशियर और रालम ग्लेशियर से होता है) पर जलविद्युत परियोजना का निर्माण किया। इसके निर्माण के दौरान कई बड़े पत्थरों को तोड़ना पड़ा, जो ब्लास्टिंग के माध्यम से तोड़े गए।” इतने में दादी बोल पड़ीं, “जब ब्लास्टिंग होती थी, उस समय कभी-कभी घर के बर्तन भी खनक उठते थे।”

सुरिंग घाट में  नया पावर हाउस।फोटो :ईशान्त मेहरा

जिससे साफ पता चलता है कि ब्लास्टिंग के समय कुल्थम की ढलान की नींव हिल रही थी और उसकी मजबूत पकड़ कमजोर हो गई थी। दादाजी ने बताया कि जब पावर हाउस बन रहा था, तब गाँव के सभी लोग रोजगार के लिए नीचे जाया करते थे। इसके बनने के लगभग दो साल बाद, तीसरे साल की शुरुआती बरसात में गाँव के निचले हिस्से में भूस्खलन शुरू हो गया। तल्ला कुल्थम के कई घर टूट गए और लोगों की ज़मीन भी चली गई। उस समय पूरे गाँव ने मिलकर एक-दूसरे को सहारा दिया और जिनका घर-बार उजड़ गया था, उन्हें गाँव के ही दूसरे हिस्से में, वन पंचायत की जमीन पर सुरक्षित स्थान पर बसाया गया।

आपदा से प्रभावित लोग अपना सामान लेकर स्कूल की ओर जाते हुए। फोटो: योगेश सिंह बगरी

यह सब बताते-बताते दादाजी चुप हो गए। उनकी आँखें कहीं दूर ठहर-सी गईं और वे गंभीर होकर कुछ सोचने लगे। शायद वे यही सोच रहे थे कि जो इतने साल पहले तल्ला कुल्थम में हुआ था, वही आज मल्ला कुल्थम में भी हो चुका था। मैंने पूछा, “अब हम कहाँ रहेंगे…?” दादाजी चुप रहे, क्योंकि उस समय इस प्रश्न का उत्तर उनके पास भी नहीं था।

हालाँकि, यह मान लेना पूरी तरह सही नहीं होगा कि भूस्खलन का कारण केवल पावर हाउस का निर्माण ही था। इसके पीछे प्राकृतिक कारण भी हो सकते हैं। जैसे कि ओरोजेनी, जो कि एक भू-गर्भीय प्रक्रिया है, जिसमें पृथ्वी के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटें या चट्टानें बहुत धीमी गति से लगातार हिलती रहती हैं। जब दो टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं, तो भूकम्प जैसी घटनाएँ होती हैं। इन टक्करों के कारण दबाव बनता है और चट्टानें ऊपर की ओर उठने लगती हैं, जिससे पहाड़ों का निर्माण होता है। जब यह दबाव बढ़ जाता है, तो क्षेत्र की संवेदनशीलता भी बढ़ जाती है, और ऐसे में हल्का-सा झटका भी भूस्खलन या दरारों का कारण बन सकता है। हालाँकि, उस समय गाँव में किसी ने भूकम्प महसूस नहीं किया था……। गाँव के लोगों और आसपास के अन्य लोगों को यही लगता हैं कि यह भूस्खलन सुरिंग घाट में बनी जल विद्युत परियोजना के कारण हुआ था, तो कुछ मानते हैं की यह दैव आपदा थी।

टुटे घरों के रह गए अवशेष। फोटो:ईशान्त मेहरा

शायद यह किसी एक कारण का परिणाम नहीं रहा होगा, बल्कि कई कारणों की एक श्रृंखला रही हो। हो सकता है कि जब पावर हाउस का निर्माण हुआ, तो ब्लास्टिंग ने ज़मीन की नींव को कुछ हद तक कमजोर कर दिया हो और ढलान की स्थिरता प्रभावित हुई हो। इसके बाद 2013 में हुई अत्यधिक बारिश ने पहले से ही ढीली पड़ी ज़मीन पर और दबाव डाला हो। इसके साथ ही, यह भी संभव है कि ओरोजेनी जैसी भू-गर्भीय प्रक्रियाएँ भी कहीं न कहीं अपना प्रभाव डाल रही हों। यकीन से कुछ कहना मुश्किल है, लेकिन शायद इन कई कारणों ने मिलकर उस भूस्खलन की स्थिति पैदा की हो, जिसने गाँव की ज़मीन और जीवन, दोनों को बदल दिया।

टुटे घरों के रह गए अवशेष। फोटो:ईशान्त मेहरा

रिंगाल के मशाल के सहारे

जिस दिन हम तिरपाल से अपना सामान लेकर स्कूल जा रहे थे, चारों ओर गहरा अँधेरा था। उजाले के लिए हमने सूखे रिंगाल की मशाल जलाई हुई थी। रास्ता टूटा-फूटा और कीचड़ से भरा था। तभी अचानक मेरी दीदी प्रिया का पैर फिसला और वह हमारी नजरों से ओझल हो गईं। एक पल के लिए ऐसा लगा जैसे वह रास्ते से नीचे गधेरे में गिर गई हों, दिल जैसे थम गया। लेकिन जब हमने आगे बढ़कर देखा, तो पता चला कि वह बीच रास्ते में करीब 8–9 फुट गहरे एक गड्ढे में गिरी थीं। पापा ने तुरंत हाथ बढ़ाकर उन्हें बाहर खींच लिया। फिर जैसे ही हमें यकीन हुआ कि सब ठीक है, माहौल हल्का हो गया,  तो हम सब हँसने लगे, जैसे पिछले कुछ दिनों का सारा बोझ एक पल में हल्का हो गया हो।

टुटे घरों के रह गए अवशेष। फोटो:ईशान्त मेहरा

स्कूल में रहते हुए, उसके आसपास की खाली पड़ी बंजर जमीन पर गौशाला बनाकर गायें पाली जाने लगीं। उनसे घी बनाकर बेचा जाता, जिससे घर की आजीविका चलती थी। साथ ही, पैसे जोड़ने के लिए गाँव की महिलाएँ और पुरुष दूसरे गाँवों में जाकर पत्थर तोड़ने की मेहनत-मजदूरी करने लगे, और कीड़ा-जड़ी जैसी चीज़ें इकट्ठा करके भी कुछ पैंसे जुटाने लगे, ताकि आगे चलकर अपना घर बना सकें या कहीं जमीन खरीद सकें।

स्कूल में बनाया गया गौशाला। फोटो: ईशान्त मेहरा

नयाबस्ती: नदी के उस पार से घर को देखना

हमारे पूरे गाँव वालों ने मिलकर सरकार से मुआवज़े की मांग उठाई। इसी के तहत मुनस्यारी तहसील में 11 दिन का भूख हड़ताल भी करना पड़ा, जिसमें 13 परिवारों के लोगों ने बारी-बारी से भाग लिया। इस लगातार प्रयास से एक दबाव बना, जिसके बाद उत्तराखंड सरकार ने हमें नयाबस्ती में ज़मीन देने का फैसला लिया, जो मुनस्यारी के मुख्य बाज़ार से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक गाँव है। ज़मीन मिलने के बाद हम कुल्थम से वहाँ बसने के लिए निकले। रास्ते में भूस्खलन के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन जैसे-तैसे हम नयाबस्ती पहुँच ही गए।

मुनस्यारी से गोरी पार कुल्थम को देखना। फोटो: कविन्द्र सिंह मेहरा

मैं नयाबस्ती से अपने गाँव को देख पा रहा था, नदी के उस पार। तभी धीरे-धीरे यह सच्चाई मेरे अन्दर उतरने लगी कि मैं उस जगह से बहुत दूर आ चुका हूँ, जिसे मैंने हमेशा अपना घर कहा था। और अब मैं एक अनजानी ज़मीन पर खड़ा था। क्या कोई और जगह कभी घर बन पाएगी? मैं बस अपने गाँव को देखते रहा, वे छोटे-छोटे टूटे हुए घर… जैसे मैं उन्हें इतनी दूर छोड़ आने के लिए उनसे माफी माँग रहा हूँ।

मुनस्यारी से गोरी पार कुल्थम को देखना। फोटो: ईशान्त मेहरा।

जैसे ही हमने नयाबस्ती में घर बनाना शुरू किया, धीरे-धीरे उसका ढांचा खड़ा होने लगा। घरों के बीम और कॉलम तैयार हो चुके थे और आगे के निर्माण की तैयारी भी चल रही थी। इसी बीच एक दिन पोस्टमैन हाथों में सफेद कागज़ लिए वहाँ पहुँचा। बाद में पता चला कि वह कागज़ ज़मीन खाली करने का नोटिस था, क्योंकि उस ज़मीन का एक हिस्सा रावत, मुनस्यारी मार्केट में बुंगा गांव रहने वाले एक व्यक्ति, का निकला। उसने दावा कर दिया कि यह जगह उसकी है, जिससे मामला विवादित हो गया। कई कोशिशों के बाद भी गाँव वालों को ज़मीन नहीं मिल पाई जिससे 13 परिवारों को वह जगह छोड़नी पड़ी। सभी लोग निराश हो गए थे, क्योंकि इतनी मेहनत के बाद ज़मीन मिली थी। और अब सारे पैसे भी खत्म हो गए थे, लोगों के पास ना जगह रही, ना घर। एक बार फिर हम उसी मोड़ पर खड़े थे, अब जाएँ तो जाएँ कहाँ?

नयाबस्ती बीम कॉलम। फोटो: ईशान्त मेहरा

धीरे-धीरे लोगों ने ज़मीन देखना शुरू किया, सभी परिवारों को अलग-अलग ज़मीन खरीदनी पड़ी, क्योंकि एक साथ पूरे गांव को ज़मीन मिलना असंभव था। गांव चार दिशाओं की भांति चार भागों में बंट गया। हमारे गांव के 13 परिवार चार गांवों, सरमोली, घोरपट्टा, मल्ला घोरपट्टा और चादनी/गरमपानी, में जाकर बस गए और जो परिवार एक-दूसरे के साथ पीढ़ियों तक रह रहे थे, वे बिछड़ गए।

नयाबस्ती बीम कॉलम। फोटो: ईशान्त मेहरा

क्या लोग गाँव से पलायन करना भी चाहते थे?

8 सालों बाद की बात है… साल 2021। अब तो मैं 19 साल का हो गया हूँ। कुल्थम में अब वे 7 परिवार रह रहे हैं, जिनका घर उस समय पूरी तरह नष्ट नहीं हुआ था, और 7 अन्य परिवारों ने अभी भी स्कूल और एक कमरे वाली टिन की झोपड़ी को ही अपना घर बना लिया है। इन लोगों के पास अपनी कोई जमीन नहीं बची है, और पूरा गाँव अब बंजर हो चुका है। खेती के लिए कोई उपजाऊ जमीन नहीं बची, इसलिए लोग अपनी रोज़मर्रा की ज़रूरतें बाज़ार से राशन खरीदकर पूरी करते हैं। कुछ लोग कहते हैं कि गाँव से उनका गहरा लगाव है और शहर उन्हें पसंद नहीं, इसलिए वे अभी भी यहीं रुके हैं। लेकिन उनका यह भी कहना है कि अगर गाँव पूरी तरह रहने लायक नहीं रहेगा, तभी वे भी एक दिन यहाँ से चले जाएंगे।

हम सब एक शादी के लिए वापस गाँव लौट रहे थे। मन में एक अजीब-सी खुशी थी, पर एक खामोश डर भी था। चारों ओर शादी का खुशनुमा माहौल था। दादी अपनी एक पुरानी सहेली से बात कर रही थीं। कई सालों बाद मिलने पर वह मुझे पहचान नहीं पाईं। दादी ने मुस्कुराकर कहा, “ये मेरा सबसे बड़ा पोता है।” दादी की सहेली हँसते हुए बोलीं, “हम तो और बूढ़े हो गए, और तुम ज्यादा जवान… पहचान ही नहीं पाई।” दादी और उनकी सहेली पुराने किस्सों में खो गईं। धीरे-धीरे वहाँ मौजूद सभी लोगों का ध्यान उनकी बातों की ओर खिंच गया, और पूरा माहौल यादों में डूब गया।

भूस्खलन से पहले, गाँव में सड़क और अस्पताल को छोड़कर, बाकी लगभग हर सुविधा थी। बहुत से लोग जड़ी-बूटियों के जानकार थे, जो छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज गाँव में ही कर लेते थे। यहाँ तक कि मेडिकल दुकान खोलने का सपना भी युवाओं के मन में था। गाँव में लोगों को कभी अनाज खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती थी; उनके खेत ही उनकी जरूरतें पूरी कर देते थे। माँ बताती थीं कि अगर किसी के पास किसी अनाज की अधिकता होती, तो वह दूसरे अनाज के साथ उसका विनिमय कर लेते थे।

खेती और पशुपालन से अनाज, दूध, दही, घी सब कुछ घर पर ही मिल जाता था। खेतों में खिलने वाले फूलों से शहद मिलता था और जैविक खाद से फसल भी शुद्ध होती थी, शायद इसी वजह से गाँव में लोग कम बीमार पड़ते थे।

आज शहर में अस्पताल तो हैं, लेकिन बीमारियाँ भी ज्यादा हैं। उनका कहना है कि गाँव की तुलना में अब वे ज्यादा बीमार रहने लगे हैं। आय कम है और खर्चा ज्यादा। जमीन भी नहीं है, और काम न मिले तो कभी-कभी दिहाड़ी पर काम करने वाले लोगों की भूखे रहने की नौबत आ जाती है।

जबकि गाँव में ऐसा कभी नहीं हुआ, तब उनके हाथ में फसल होती थी, आज बस उसकी याद है। जब भी उनसे पूछा जाता है कि क्या वे वापस कुल्थम जाना चाहेंगे, तो लगभग हर किसी का एक ही जवाब होता है, “हाँ… काश हम वापस जा पाते।”

शायद एक पीढ़ी याद रखे, लेकिन उसके बाद?

हाल ही में 5 अगस्त 2025 को हुई धराली की घटना मुझे मेरे अतीत में ले गई। धराली और कुल्थम आपदा के बीच भले ही 12 वर्षों का फासला है, लेकिन दर्द में कोई दूरी नहीं। धराली में एक दिन के उजाले ने पूरा गाँव निगल लिया, और कुल्थम में एक रात ने हमारे सपनों को खा लिया। फर्क सिर्फ़ इतना था कि “धराली ने खुले में जानें लीं, और कुल्थम ने पर्दे के पीछे सपने।”

धराली आपदा। फोटो: आज तक न्यूज

जब मैं धराली की वीडियो देख रहा था, कुल्थम की उस रात की घटनाएँ मेरी आँखों के सामने आने लगीं। उस वीडियो को देखकर मेरे हाथ काँप रहे थे, गला सूख गया था, और आँखों के सामने बार-बार टूटे रास्ते, घर और रात की अफरा-तफरी उभर रही थी। क्योंकि मेरा सपना अपने गाँव में रहकर खेती करना था, और वह मेरी ही आँखों के सामने बिखर गया।

धराली आपदा। फोटो: आज तक न्यूज

यह कहानी, मैं केवल अपने लिए नहीं लिख रहा हूँ। मैं इसे इसलिए लिख रहा हूँ ताकि कुल्थम सिर्फ़ एक बीती स्मृति बनकर न रह जाए। शायद एक पीढ़ी इसे याद रखे, लेकिन उसके बाद? यह मेरी कोशिश है कि मैं कहानी के ज़रिये अपने गाँव की आत्मा को ज़िंदा रख सकूँ, क्योंकि अब उसका अस्तित्व केवल कहानियों में ही बच सकता है, उस गाँव का, जहाँ मेरा बचपन बीता, जहाँ मेरे परिवार का सपनों का घर था, और जहाँ मैं आज भी अपने सपनों में लौटता हूँ।

  1. भादो (जिसे भाद्रपद या भादों भी कहा जाता है) हिंदू चंद्र कैलेंडर का छठा महीना है, जो ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार अगस्त और सितंबर के बीच मॉनसून के मौसम में आता है।
    ↩︎

Meet the storyteller

Voices of Rural India
Website | + posts

Voices of Rural India is a not-for-profit digital initiative that took birth during the pandemic lockdown of 2020 to host curated stories by rural storytellers, in their own voices. With nearly 80 stories from 11 states of India, this platform facilitates storytellers to leverage digital technology and relate their stories through the written word, photo and video stories.

ग्रामीण भारत की आवाज़ें एक नॉट-फ़ॉर-प्रॉफ़िट डिजिटल प्लैटफ़ॉर्म है जो 2020 के महामारी लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई थी, जिसका उद्देश्य ग्रामीण कहानीकारों द्वारा उनकी अपनी आवाज़ में कहानियों को प्रस्तुत करना है। भारत के 11 राज्यों की लगभग 80  कहानियों के साथ, यह मंच कहानीकारों को डिजिटल तकनीक का प्रयोग कर और लिखित शब्द, फ़ोटो और वीडियो कहानियों के माध्यम से अपनी कहानियाँ बताने में सक्रीय रूप से सहयोग देता है।

Ishant Mehra

Bio

Ishant Mehra hails from Kultham, a small village in Munsiari, Uttarakhand. He was born in the lap of the mountains, where life is always lived between struggle and nature. In 2013, his entire village was struck by a landslide, and this left a deep mark on both his life and his dreams. After this, he had to move from Kultham to Sarmoli (in Munsiari), but his roots have always remained bound to that place. In the year 2022, he passed his 12th-grade examinations. Because of his family's wish, he had to go to the city to continue his studies, even though his heart remained in the village. Even so, he lived in the city for three years and completed his graduation in 2025. At present, he lives in Sarmoli, working on issues connected to forests and the Himalay.

ईशान्त मेहरा उत्तराखंड के मुनस्यारी के छोटे से गाँव कुल्थम से हैं। उनका जन्म पहाड़ों की गोद में हुआ, जहाँ जीवन हमेशा संघर्ष और प्रकृति के बीच चलता है।2013 में भूस्खलन के कारण उनका पूरा गाँव प्रभावित हुआ, जिससे उनके जीवन और सपनों दोनों पर गहरा असर पड़ा। इसके बाद उन्हें कुल्थम से सरमोली (मुनस्यारी) में जाना पड़ा, लेकिन उनकी जड़ें हमेशा वहीं जुड़ी रहीं।वर्ष 2022 में उन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। परिवार की इच्छा के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए शहर जाना पड़ा, जबकि उनका मन गाँव में ही था। इसके बावजूद उन्होंने तीन वर्ष तक शहर में रहकर 2025 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे सरमोली में रहकर प्रकृति और हिमालय से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *